रसूलाबाद। कोचिंग पढ़ कर घर जा रहे मलखानपुर गांव निवासी कक्षा चार के छात्र का ई रिक्शा चालक ने बेला रोड पर अपहरण का प्रयास किया। किसी तरह से बचकर घर पहुंचे छात्र ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। मामले में सीओ के निर्देश पर अज्ञात रिक्शा चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मलखानपुर गांव निवासी भवन निर्माण सामग्री विक्रेता अतुल त्रिपाठी का बेटा अनमोल (11) कस्बे के एक कान्वेंट स्कूल में कक्षा चार का छात्र है। बुधवार शाम 5:30 बजे वह बेला रोड में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास से कोचिंग पढ़ कर घर जाने के लिए ई रिक्शा में बैठ गया।
अज्ञात ई रिक्शा चालक उसे लेकर गहिलू रोड की तरफ जाने लगा। छात्र ने विरोध किया तभी आरोपी ई रिक्शा चालक ने उसे धमका कर शांत बैठने के लिए कहा। इस दौरान ई रिक्शा चालक उसका एक हाथ पकड़े रहा। इस पर छात्र रोने लगा।
इस बीच गहिलू की तरफ से आ रहे साइकिल सवार बुजुर्ग ने छात्र को रोते देख ई रिक्शा चालक को रोककर कारण पूछा। मौका मिलते ही छात्र रिक्शे से उतर कर भागा और बदहवास हालत में घर पहुंचा। उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। गुरुवार को व्यापारी छात्र को लेकर सीओ आशा पाल सिंह से मिले। इसके बाद मामले में अज्ञात रिक्शा चालक के खिलाफ अपहरण के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर ई-रिक्शा चालक की पहचान करने की कोशिश चल रही है।