कानपुर देहात। जिला महिला अस्पताल में अब महिलाओं के साथ ही किशोरों का भी उपचार होगा। इसके लिए ओपीडी में अलग से चिकित्सक बैठेंगे। बच्चों की ओपीडी के लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। इससे जच्चा-बच्चा को एक ही छत के नीचे इलाज मिल सकेगा।
जिला महिला चिकित्सालय के भूतल में बने ओपीडी ब्लॉक में अब तक चिकित्सक सिर्फ महिलाओं का इलाज करती हैं। वहीं, एक से दो वर्ष तक के बच्चों के उपचार के लिए प्रथम तल पर जाना पड़ता है।
दो वर्ष से ऊपर के बच्चों को जिला अस्पताल की बालरोग की ओपीडी में ले जाना पड़ता है। ऐसे में मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसको देखते हुए सीएमएस डॉ. वंदना सिंह ने बालरोग विशेषज्ञ डॉ. अवधेश गुप्ता और डॉ. राहुल पांडेय के साथ बैठक की।
इसके बाद जिला महिला चिकित्सालय के भूतल में बने ओपीडी ब्लॉक में बालरोग विशेषज्ञ की ड्यूटी बच्चों के उपचार के लिए लगाने की सहमति बनी। डॉ. अवधेश गुप्ता ने बताया कि प्रथम तल की ओपीडी में ज्यादा जगह न होने से मरीजों को देखने में दिक्कत होती थी।
सीएमएस की सहमति के बाद काउंसलिंग और फैमिली प्लानिंग वाले कमरों को खाली कराया जा रहा है। यहां पर बालरोग विशेषज्ञ किशोर उम्र तक के बच्चों का उपचार करेंगे। दो दिन के अंदर यह सुविधा शुरू हो जाएगी। यहीं से बच्चों के लिए दवाओं की व्यवस्था भी निशुल्क कराई जाएगी।