प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 60 आवंटियों को केडीए ने फोन कर रविवार को बुलाया और कुछ मिनटों में प्रक्रिया पूरी कराते हुए रजिस्ट्री उनके हाथों में सौंप दी। महज पांच सौ रुपये के स्टांप पेपर पर रजिस्ट्री पाकर आवंटी गदगद हो उठे।
केडीए उपाध्यक्ष अरविंद सिंह ने राम गंगा इन्क्लेव योजना के आवंटियों की रजिस्ट्री के लिए शिविर का शुभारंभ किया। इस योजना के 576 भवन आवंटित किए गए हैं। जिन आवंटियों ने पूरा भुगतान कर दिया है, उनकी रजिस्ट्री की गई। वीसी ने बताया कि प्रदेश में सबसे पहले केडीए में ही पीएम आवासों की रजिस्ट्री की गई है।
शिविर में उप निबंधक आलोक शुक्ला, निबंधन लिपिक संतोष श्रीवास्तव, महेंद्र प्रताप सिंह आदि ने रजिस्ट्री कराई। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की भी व्यवस्था रही। शिविर का संचालन कर रहे बल्क सेल के प्रभारी अधिशासी अभियंता आशु मित्तल ने बताया कि आवंटी अपने फ्लैट पर कब्जा लेकर उसमें रहना शुरू कर सकते हैं।
पीएम सौंप सकते हैं घर की चाभी
शिविर में जिन आवंटियों की रजिस्ट्री हुई, उनमें से कई ने अपने मकान की चाभी मांगी। उन्हें यह कहते हुए चाभियां देने से मना कर दिया कि जल्द ही पीएम नरेंद्र मोदी की तरफ से चाभियां सौंपी जाएगी। वहीं शिविर में महावीर नगर सहित अन्य योजनाओं के आवंटी भी पहुंच गए थे। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि छह महीने में दूसरी योजनाओं के आवासों की भी रजिस्ट्री कराई जाएगी।