शुक्लागंज में नवीन गंगा पुल से कानपुर की ओर रोडवेज बसों के आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बावजूद मंगलवार को दोपहर लखनऊ चारबाग डिपो की रोडवेज बस शार्टकट के चक्कर में पुल पर जाने लगी तो होमगार्ड ने उसे रोक लिया। बस रोकने पर कंडक्टर होमगार्ड से भिड़ गया। साथ ही, अड़ गया कि वह बस को किसी भी सूरत में नहीं मोड़ेगा।
इस बीच कुछ राहगीरों ने होमगार्ड का पक्ष लिया, तब कंडक्टर शांत हुआ। इसके बाद बस के वापस मोड़ने के दौरान नवीन गंगा पुल पर करीब एक घंटे जाम लगा रहा। मालूम हो कि जाजमऊ पुराने गंगा पुल पर मरम्मत कार्य के चलते कानपुर-लखनऊ के बीच चलने वाली सभी रोडवेज बसों को बदरका चौराहे से आजाद मार्ग होकर सरैया रेलवे क्रॉसिंग से गंगा बैराज होकर कानपुर निकाले जाने के लिए डायवर्जन हुआ है।