पीक टाइम में 500 तक जा रहा एक्यूआई
गुरुवार को शहर के कल्याणपुर में एक्यूआई 271 दर्ज किया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए तो इस क्षेत्र में एक्यूआई 500 का आंकड़ा भी छू गया। नेहरू नगर में एक्यूआई पिछले चौबीस घंटे में 352 दर्ज किया गया। वहीं, किदवई नगर जैसे रिहायशी इलाके में भी एक्यूआई 310 रहा।
यह हाल तब है, जब राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नगर निगम, एनएचएआई, पनकी पावर प्लांट और जटेटा के सीईटीपी की वजह से होने वाले वायु प्रदूषण की वजह से नोटिस देकर उचित कदम उठाने के लिए कहा था। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों के कछुआ चाल वाले कदमों की वजह से हालात सुधरने की बजाय और बिगड़ते जा रहे हैं।
हर विभाग की अपनी है जिम्मेदारी
ग्रेडिड रिस्पांस एक्शन प्लान में अलग-अलग विभागों के लिए जिम्मेदारी तय की गई है। जिलाधिकारी को इस प्लान के तहत कार्यवाही के लिए दायित्व सौंपा गया है जिस वजह से डीएम ने भी एक टास्क फोर्स गठित की है ताकि प्लान के तहत उपाय किए जा सके।
हालांकि विभागों को प्रदूषण की रोकथाम के लिए कदम उठाने की फुर्सत नहीं मिल रही है। फिलहाल प्रशासन के स्तर से सिर्फ मंथन हो रहा है जबकि एनजीटी के निर्देश के अनुसार एक्यूआई के 300 पार करने को बेहद खराब स्तर मानते हुए तत्काल ग्रेडिड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत कदम उठाए जाने चाहिए।
कहां कितना है एक्यूआई....
शहर एक्यूआई
बागपत 352
मेरठ 346
कानपुर 311
हापुड़ 288
बुलंदशहर 248
बरेली 219
लखनऊ 215
आगरा 180
झांसी 163
फिरोजाबाद 156
मुरादाबाद 116
प्रयागराज 128
वाराणसी 103