कानपुर में हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के योगेंद्र विहार इलाके में बुधवार शाम दुकानदारों ने मिलकर एक युवक जमकर लात घूसों से पीट दिया। पूरी घटना का किसी ने मोबाइल पर वीडियो बनाने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मूलरूप से राजस्थान निवासी मुकेश भट्ट योगेंद्र विहार में आशा पाल के मकान में किराए पर परिवार के साथ रहते है।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार का पुराना शेफ है। मकान में बाहर की तरफ मेडिकल स्टोर, किराने और टेलर की दुकानें हैं। मुकेश के मुताबिक दुकानदारों का आशापाल से दुकाने खाली करने को लेकर विवाद चल रहा है। दुकानों का बिजली का बिल न जमा होने के कारण एक हफ्ते पूर्व बिजली विभाग ने कनेक्शन काट दिया था।
जिसके बाद मेडिकल स्टोर चलाने वाले रामबाबू तिवारी, परचून दुकानदार राम बाबू गुप्ता और सिलाई कारीगर दीपक ने बिजली कनेक्शन जुड़वा लिया। बुधवार सुबह राम बाबू ने मुकेश के कमरे की लाइट काट दी। जिसकी शिकायत उसने मकान मालकिन आशा पाल से की। शाम को आशापाल ने दुकानदारों से लाइट काटने की वजह पूछीं तो सभी ने आशा पाल को घेर लिया और अभद्रता करने लगे।
इसी बीच मुकेश उन्हें समझाने पहुंचा तो दुकानदारों ने उसे लात घूसों से पीट दिया। वहीं, पत्नी पूजा दुकानदारों से हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार लगाती रही। तभी किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डाल दिया। हनुमंत विहार थाना अध्यक्ष अभिलाष मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर युवक का मेडिकल कराने के बाद दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।