कन्नौज जिले में सरोजनी कोल्ड स्टोरेज के लिपिक का शव कोल्ड स्टोरेज से करीब तीन किलोमीटर दूर सड़क पर खून से लथपथ मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया। भतीजे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक सरोजनी कोल्ड स्टोरेज पर लिपिक मानीमऊ चौकी क्षेत्र के कपूरापुर गांव निवासी अशोक कटियार (52) रोज की तरह शुक्रवार शाम ड्यूटी करने गए थे। देर रात करीब तीन बजे कपूरापुर गांव से जुड़ी सड़क पर पहलवानगंज गांव में ग्रामीणों ने उनका खून से लथपथ शव देखा।
पास ही उनकी साइकिल भी पड़ी थी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का शक जताते हुए गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम के साथ एसपी प्रशांत वर्मा पहुंचे। परिजनों को जांच और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
मृतक के भतीजे सिंधु कटियार ने कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अशोक कटियार की मौत धारदार हथियार से नस कटने पर अधिक खून बहने से होनी बताई गई है। सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मारपीट में हत्या व समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच चल रही है।