Kannauj News: तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के फगुहा भट्ठा गांव के पास कट (190) पर स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में 12 सवारियां घायल हो गईं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सवारियां लेकर जा रही स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में बस चालक समेत 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे यूपीडा व पुलिस कर्मियों ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से लखनऊ से 34 सवारियां लेकर दिल्ली जा रही स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई।
विज्ञापन
शनिवार सुबह बस तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के फगुहा भट्ठा गांव से गुजर कर कट 190 पर पहुंची, तो आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस सवार चालक समेत 12 सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर यूपीडा व पुलिस कर्मियों ने पहुंचकर घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
हादसे में घायल मध्यप्रदेश के बस चालक सुनील सिंह (36), सवारी कमल चौरसिया, अनूप, गोरखपुर के बसारतपुर गांव निवासी दीप्ती, प्रीती, आर्यन, पुराना गोरखपुर निवासी हर्ष, गाजियाबाद निवासी अरुण शर्मा, महाराजगंज निवासी सतीश कुमार, सिद्धार्थ नगर निवासी सचिन शुक्ला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला
यहां प्राथमिक इलाज के बाद घायलों की स्थिति में सुधार है। वहीं, बस सवार लोगों का कहना है कि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी घायलों की हालत में सुधार है। अन्य यात्रियों को एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहनों की मदद से गंतव्य को रवाना कर दिया गया है।