जेईई मेन के मंगलवार को आए परिणाम में कानपुर के भी छात्रों का शानदार प्रदर्शन रहा। 99.94 पर्सेंटाइल के साथ प्रणव मालपानी सिटी टॉपर बने हैं, तो 99.89 पर्सेंटाइल हासिल कर प्रांशू शहर के सिटी सेकेंड सिटी टॉपर रहे। तिलकनगर में रहने वाले प्रणव ने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल की है।
प्रणव कहते हैं कि 12वीं की परीक्षा अब निश्चिंत होकर दे सकेंगे। उनका सपना आईआईटी कानपुर से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करने का है। पिता चेतन मालपानी भी आईआईटियन रहे हैं। उन्होंने आईआईटी रुड़की से पढ़ाई की थी। वे बिजनेसमैन हैं। प्रणव का बड़ा भाई श्रीधर आईआईटी बांबे से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है।
घर में मां भारती व दादी सरला देवी हैं। इसी तरह एनआरआई सिटी में रहने वाले प्रांशू अग्रवाल के पिता डॉ. विशाल अग्रवाल आर्थोपेडिक सर्जन और मां डॉ. रेखा अग्रवाल गायनकोलॉजिस्ट हैं। इसके बाद भी प्रांशू ने इंजीनियरिंग की राह पकड़ी। प्रांशु ने भी पहले ही प्रयास में यह सफलता पाई है। प्रांशू इंजीनियरिंग कर रिसर्च में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। हेरीटेज इंटरनेशनल स्कूल से 12वीं की पढ़ाई कर रहे प्रांशू आईआईटी बांबे से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना चाहते हैं।