भले ही बारिश व गीली आउटफील्ड के कारण दो दिन का खेल प्रभावित हुआ हो, लेकिन इसके बाद भी भारतीय टीम दूसरे टेस्ट मैच को जीतकर सीरीज पर अपना कब्जा करने के उद्देश्य से उतरी। पांचवें दिन की पहली सफलता भारत को आर अश्विन ने दिलाई। अश्विन की गेंद को स्वीप करने के चक्कर में मोमिनुल हक लेग स्लिप में खड़े राहुल को कैच दे बैठे।
भारतीय गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी का नजारा पेश करते हुए बांग्लादेश की पूरी टीम लंच से पहले 146 रन पर आउट कर दी। अब भारत को मैच जीतने के लिए 95 रनों की जरूरत है। बांग्लादेश की ओर से पांचवें दिन सर्वाधिक रन मुश्तिफिकुर रहीम 37 रन ने बनाए, जबकि भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जड़ेजा, आर.अश्विन ने तीन-तीन विकेट, तो आकाशदीप ने एक को आउट किया।
बताते चलें कि ग्रीनपार्क में पहले दिन के स्कोर 35 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 107 रनों से आगे खेलने उतरी बांग्लादेश की टीम चौथे दिन 74.2 ओवर में 233 रनों पर ढ़ेर हो गई। जवाब में भारतीय टीम ने टेस्ट इतिहास की सबसे तेज गति से रन बनाते हुए सिर्फ 34.4 ओवर में 9 विकेट पर 285 रन बनाकर पारी घोषित की।
जवाब में चौथे दिन का खेल खत्म होने पर बांग्लादेश ने 11 ओवर में दो विकेट पर 26 रन बना लिए हैं। जबकि, उसके बल्लेबाज शादमान इस्लाम 7 रन व पहली पारी में शतक लगाने वाले मोमिनुल हक बिना कोई रन बनाए क्रीज पर मौजूद रहे। वहीं, भारत की ओर से आर. अश्विन ने जाकिर हसन 10 रन व हसन महमूद 4 रन का विकेट लिया। भारतीय टीम टेस्ट के अंतिम दिन मंगलवार को बांग्लादेश को जल्द से जल्द आउट कर मिलने वाले लक्ष्य को हासिल कर सीरीज पर कब्जा करने उतरी है।