कानपुर आईआईटी के 54वें दीक्षांत समारोह में पदक पाने वाले छात्रों की घोषणा हो गई है। सर्वश्रेष्ठ अकादमिक प्रदर्शन के लिए बीटेक के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र अभ्युदय पांडे को प्रेसीडेंट गोल्ड मेडल मिलेगा।
उत्कृष्ट सर्वांगीण उपलब्धि और नेतृत्व के लिए केमिकल इंजीनियरिंग-कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की वसुंधरा राकेश को डायरेक्टर गोल्ड मेडल (चार वर्षीय यूजी कार्यक्रम), पांच वर्षीय यूजी कार्यक्रम में यही अवार्ड निवेदिता को दिया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के यश माहेश्वरी को रतन स्वरूप स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह में 1723 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां दी जाएंगी। 880 छात्र कार्यक्रम में शामिल होंगे, बाकी छात्र ऑनलाइन जुड़ेंगे। 28 दिसंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच से चार छात्रों को पुरस्कृत करेंगे।