इटावा। मैं जान देने जा रही हूं...यह बात कहकर बुधवार शाम असम में तैनात सेना के जवान की पत्नी मायके में फंदे पर झूल गई। पति ने साले को फोन करके जानकारी दी। जब तक परिजन कमरे में पहुंचे तब तक विवाहिता की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से आत्महत्या की पुष्टि हुई है।
अखिलेश कुमार निवासी गौरापुरा ने बताया कि उनकी भतीजी अनामिका उर्फ खुशबू (20) की 29 अप्रैल 2025 को चौबिया के कांकरपुरा निवासी संदीप कुमार यादव से शादी की थी। संदीप सेना में है और वर्तमान में असम में तैनात है। बताया कि अगस्त में अनामिका की जेठ-जेठानी से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद अनामिका रक्षाबंधन पर मायके आ गई थी। इसके बाद वह ससुराल नहीं गई। बुधवार शाम करीब पांच बजे दामाद ने भतीजे अर्पित के पास फोन किया कि अनामिका ने जान देने की धमकी दी। अर्पित ने बाजार से घर के लोगों को फोन करके बताया और खुद आया तब तक अनामिका अपने कमरे में फंदे पर लटक चुकी थी। गेट अंदर से बंद होने पर धक्का देकर कुंडी तोड़ी और अनामिका को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। सूचना पर फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। एसओ अमित मिश्रा ने बताया कि जांच की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की वजह से मौत हुई है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।