रसूलाबाद क्रय केंद्र पर मक्का की गुणवत्ता देखतीं सहायक विपणन अधिकारी।
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद (कानपुर देहात)। मक्का लेने से मना करने पर एक किसान ने कस्बे के एक क्रय केंद्र पर हंगामा कर दिया। केंद्र प्रभारी ने घुन की बात कहकर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं माना। बाद में अधिकारियों के समझाने पर किसान शांत हो गया।
क्षेत्र के सुजनापुर दशहरा गांव के संजीव यादव 60 क्विंटल मक्का लेकर रसूलाबाद के राजकीय क्रय केंद्र पर पहुंचे। केंद्र प्रभारी आकाश वर्मा ने मक्का में घुन होने के कारण मक्का लेने से मना कर दिया। किसान ने केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया। बाद में केंद्र प्रभारी ने मामले की जानकारी एसडीएम को दी। एसडीएम अंजू वर्मा के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और किसान को समझाने का प्रयास किया।
सहायक विपणन अधिकारी ऊषा देवी केंद्र का निरीक्षण करने पहुंच गईं। हंगामा कर रहे किसान व केंद्र प्रभारी से मामले की जानकारी ली। केंद्र प्रभारी ने अधिकारी ने मक्का में घुन होने की जानकारी दी। बाद में अधिकारी ने किसान का मक्का देखी। उसमें घुन लगा हुआ था। किसान को बताया कि अगर मक्का खरीद ली गई तो केंद्र पर रखी मक्का में भी घुन लग जाएगा। किसान को मक्का कुछ दिन धूप में रखने की सलाह दी। अधिकारी के समझाने के बाद किसान मक्का लेकर घर चला गया। सहायक विपणन अधिकारी ऊषा देवी ने बताया कि किसान की मक्का कई रंग थी। साथ ही मक्का में घुन होने के कारण केंद्र प्रभारी ने तौल करने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर किसान ने हंगामा किया। समझाने के बाद किसान शांत हो गया।