कानपुर देहात। गजनेर थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात हुई छात्रा की मौत में नया मोड़ आ गया। बुधवार को पोस्टमार्टम में उसकी मौत डूबने से बताई गई है। पेट में पानी भरा मिला है। साथ ही सिर में चोट मिली है। हाथ की नस काटकर वारदात को आत्महत्या का रुप देने की कोशिश की गई है। दो डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। दुष्कर्म की आशंका पर स्लाइड बनाई गई है।
एक गांव में मंगलवार सुबह छात्रा का शव घर के अंदर चारपाई पर पड़ा मिला था। उसके बाएं हाथ की नस कटी थी, लेकिन खून न निकलने से परिजनों ने हत्या के बाद नस काटकर आत्महत्या का रुप देने की कोशिश किए जाने की आशंका जताई थी। बुधवार को दो डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इसमें छात्रा के पेट में पानी भरा मिला। साथ ही मौत का कारण डूबना बताया गया।
उसके सिर के एक हिस्से में चोट लगने से सूजन पाई गई है। इससे साफ हो गया है कि छात्रा की हत्या की गई है। घटना में शामिल लोग बेहद शातिर रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि सिर में डंडे से एक प्रहार किया गया इससे छात्रा बेहोशी की हालत में हो गई। इसके बाद पानी में उसका सिर डुबोकर मौत के घाट उतार दिया।
आत्महत्या का रुप देने के लिए उसकी मौत के बाद बाएं हाथ की नस चाकू से काट दी। मौत पहले ही हो जाने से खून नहीं निकला। इंस्पेक्टर गंगा सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।