कानपुर देहात। झींझक-रसूलाबाद मार्ग पर महेरा के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। राहगीरों ने घायलों को सीएचसी रसूलाबाद में भर्ती करवाया। वहां डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे को अकबरपुर कॉलेज रेफर कर दिया। दोनों गांव के युवक की बरात में शामिल होने जा रहे थे।
सिकंदरा थाना क्षेत्र के देवीपुर डेरा सिकंदरा निवासी रूप सिंह ने बताया कि चचेरा भाई धर्म सिंह (25) अपने साथी रामजी (28) के साथ रविवार रात बाइक से गांव के बब्लू की शादी में शामिल होने के लिए तिर्वा कन्नौज जा रहे थे। झींझक-रसूलाबाद मार्ग पर महेरा गांव के पास तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर दोनों को सीएचसी ले गए। डॉक्टर ने धर्म सिंह को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को सीएचसी से घर ले आए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सिकंदरा थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।