कानपुर देहात। उमस भरी गर्मी के बीच गुरुवार शाम आसमान में बादल छा गए। शाम चार बजे से गरज चमक के साथ बारिश हुई। झमाझम बारिश से मौसम में ठंडक हुई, लेकिन कई इलाकों में जलभराव हो गया। इससे जल निकासी की पोल खुल गई। देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे कई इलाकों की बिजली गुल रही।
गुरुवार शाम चार बजे के करीब आसमान में काले बादल छा गए। कुछ देर बाद ही तेज हवा संग गरज चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से अकबरपुर ओवर ब्रिज, मेडिकल कॉलेज परिसर समेत गली मोहल्लों में जलभराव हो गया। रूरा में सीएचसी के पीछे शास्त्री नगर सड़क के साथ अंडरपास पर पानी भर गया। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ी। पैदल राहगीर नहीं निकल सके।
इसके अलावा रूरा के बाजार वार्ड, जवाहर नगर, गांधी नगर, शास्त्रीनगर में जलभराव हो गया। नाला ओवर फ्लो होने से घरों व दुकानों तक तक पानी पहुंच गया। अकबरपुर में गांधी नगर, नयागंज, नेहरू नगर में जलभराव से परेशानी हुई। रनियां में किशरवल रोड पर नाला चोक होने से हाईवे की सड़क पर जलभराव हो गया। इससे वाहनों को निकलने में परेशानी होती रही। पहली बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की कई इलाकों में पोल खोल कर रख दी। डीएफसीसी के असिस्टेंट मैनजर अमित कनौजिया ने बताया की अंडरपास में भरे पानी के निकास के लिए दो पंपिंग सेट लगाए गए हैं। पानी निकाल कर आवागमन चालू कराया जाएगा।
कानपुर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौविवि के मौसम विशेषज्ञ डाॅ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार आगामी पांच दिनों में हल्के बादल रहने के कारण मध्य तेज हवाओं, गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
...............
बारिश से ठप हुए 47 उपकेंद्र, 2.75 लाख घरों की बिजली गुल
- पांच घंटे बाद आंशिक स्थानों पर बहाल हो सकी बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
कानपुर देहात। हवा चलने के साथ हुई झमाझम बारिश से गुरुवार को बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई। 2.75 लाख घरों में गुल हुई बिजली से लोग परेशान रहे। पांच घंटे बाद आंशिक जगह बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। वहीं कई इलाकों में पूरी रात बिजली नहीं आई।
अकबरपुर में बारिश शुरू होते ही बिजली बंद कर दी गई। रात आठ बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। मेन लाइनों में कई जगह फाल्ट हो गई। इस पर बिजली निगम के कर्मचारी पेट्रोलिंग करके फाल्ट खोजते रहे। पांच घंटे से अधिक तक बिजली न आने से लोगों के घरों के इनवर्टर ठप हो गए। इधर देर रात रनियां, रायपुर, माती, पुखरायां, सिकंदरा आदि जगह बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। कई स्थानों पर देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। पेड़ों की डालें तार आने से हुए फाल्ट से अधिक समस्या रही। अधिकांश ग्रामीण क्षेत्र में शुक्रवार को बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।
प्रभारी अधीक्षण अभियंता सुमित व्यास ने बताया कि हवा संग बारिश से फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रही। 33 केवी लाइनें प्राथमिकता में पहले ठीक कराई गईं। इसके बाद नगरीय क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल की गई। कई गांवों में देर रात तक बिजली आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद है।
.....................
बारिश से किसान खुश, धान बोआई की तैयारी शुरू
बारिश होने से गर्मी से लोगों को राहत मिली है। वहीं किसानों ने चेहरे पर खुशी दिखाई दी। धान की फसल तैयार करने की तैयारी कर रहे किसान बेड़ बोने के साथ खेतों में पानी भरने से धान बुआई को लेकर खुश है। गुरुवार को अकबरपुर, रसूलाबाद, रनियां, पुखरायां, सिकंदरा, झींझक, शिवली, रूरा आदि इलाकों में तेज बारिश हुई। इससे धान की बुआई शुरू हो सकेगी।