हमीरपुर जिले में अमावस्या पर शनिवार को यमुना में नहाने गए आठ छात्र डूब गए। ग्रामीणों ने गोताखोरों की मदद से सात को सकुशल बाहर निकाल लिया। एक छात्र अभी भी लापता है। पुलिस ने यमुना के 10 किमी के दायरे में खोज कराई। लापता छात्र के परिजन नदी किनारे रोते-बिलखते रहे।
विज्ञापन
सिकरोढ़ी गांव में शनिवार सुबह यह हादसा हुआ। शनि अमावस्या पर गांव के कई लोग यमुना में स्नान करने गए थे। कक्षा 11वीं का छात्र रामबिहारी (16) पुत्र फूल सिंह समेत आठ छात्र यमुना में नहाने गए। नहाते समय सभी छात्र गहरे पानी में डूबने लगे।
प्रधान हनुमान निषाद ने बताया कि नदी किनारे मछली का शिकार करने वाले लोगों की नजर पानी में डूब रहे छात्रों पर पड़ी तो तुरंत नाव छोड़कर नदी में उतर गए। इसी बीच अन्य ग्रामीण पहुंच गए। गोताखोरों को भी यमुना में उतारा गया।
विज्ञापन
कुछ ही समय बाद एक-एक कर सात छात्रों को नदी से बाहर निकाल लिया गया। राम बिहारी का पता नहीं चल सका। सीओ विवेक यादव ने बताया कि अग्निशमन दल की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ लापता छात्र की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।