कस्बा पनवाड़ी में कोचिंग पढ़ने गई हाईस्कूल की छात्रा रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। परिजनों ने छात्रा के लापता होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महोबा जिले के कस्बा पनवाड़ी में कोचिंग पढ़ने गई छात्रा लापता हो गई। 36 घंटे बाद भी छात्रा का कोई सुराग नहीं लगा है। लोधीपुरा गांव निवासी बालमुकुंद की 16 वर्षीय पुत्री सविता हाईस्कूल की छात्रा है। गुरुवार की सुबह वह कोचिंग पढ़ने कस्बा पनवाड़ी गई थी। छात्रा जब देर रात तक घर नहीं लौटी, तो उसके परिजनों ने तलाश शुरू की।
विज्ञापन
उसकी सहेलियों से उसके बारे में जानकारी जुटाई। छात्रा के परिजन कोचिंग पहुंच गए, जहां उन्होंने कोचिंग संचालक से बेटी के बारे में जानकारी की। उसके बाद उसको रिश्तेदारी में तलाश किया। जब छात्रा का कोई सुराग नहीं लगा, तब पिता ने थाना पनवाड़ी पहुंच पुत्री के लापता होने की तहरीर दी। पिता ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुत्री की शीघ्र बरामदगी गुहार लगाई है।
वहीं, थाना प्रभारी ने बताया कि हाई स्कूल की छात्रा कोचिंग पढ़ने गई थी। उसके बाद वह लापता हो गई। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और छात्रा की तलाश की जा रही है।