घाटमपुर में जहांगीराबाद गांव के अंग्रेजी शराब के ठेके के सेल्समैन की सोमवार की रात ठेके की छत से गिरकर मौत हो गई। मंगलवार की सुबह ठेके के बाहर उसका शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। छत से गिरने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पतारा कस्बा निवासी बिहारी लाल जायसवाल का बड़ा पुत्र गोविंद (35) जहांगीराबाद गांव के अंग्रेजी शराब ठेके में सेल्समैन था।
ठेके का कैंटीन संचालक परास गांव निवासी प्रदीप प्रजापति व गोविंद अक्सर ठेका बंद करने के बाद दुकान की छत पर ही सो जाते थे। प्रदीप ने बताया कि सोमवार रात दोनों ने अपने साथियों के साथ ठेके अंदर ही शराब पार्टी की थी। इसके बाद ठेका बंद कर वह दुकान की छत पर सोने चला गया। नशे में धुत्त गोविंद भी छत पर चढ़ आया। इसके बाद दोनों सो गए। सुबह जागने पर नीचे उतरकर आया तो बाहर गोविंद का शव पड़ा था।