इटावा-राजपुर । राजपुर के एक गेस्ट हाउस के सामने एक मई की रात बाइक सवार मां-बेटे के साथ लूट करने वाले चार बदमाश मुठभेड़ में धरे गए हैं। दो पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों के पास से नकदी, कार और तमंचे बरामद हुए हैं। बदमाशों ने इटावा में ई-रिक्शा सवार महिलाओं से भी लाखों के जेवर लूट थे।
राजपुर थानाध्यक्ष सनत कुमार ने बताया कि बुधवार तड़के सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध कार सवार एक बिना नंबर की सफेद कार से भाल पुलिया से नेरा कृपालपुर मार्ग पर जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने कार सवारों का पीछा कर घेराबंदी की और फायरिंग कर चार बदमाशों को पकड़ा। इनमें दो के पैर में गोली लगी है।
गोली लगने वाले घायलों की पहचान मंगलपुर थाना क्षेत्र के जरिहा गांव निवासी शिवम पाल उर्फ ज्वाला सिंह व औरैया के तिलक नगर निवासी अरुण यादव के रूप में हुई। वहीं, पकड़े गए संदलपुर के कौरू निवासी अर्पित व देशराज हैं। मुठभेड़ में पकड़े गए चारों बदमाशों ने एक मई की रात राजपुर में मां-बेटे से बाला चैन व नगदी लूट की बात स्वीकार की है। बदमाशों के पास से 46, 800 नगदी, कुछ जेवरात, बगैर नंबर की एक कार, दो देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस व तीन खोखा बरामद हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि बता दें कि राजपुर के अटल नगर निवासी दीपक ने तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि एक मई की रात करीब दो बजे वह मां सुनीता के साथ शाहजहांपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहा था। तभी बदमाशों ने बाइक रोककर तमंचों के बल पर एक हजार की नगदी और मां के पहने हुए कान के बाले व सोने की चैन लूटकर भाग गए थे।
वहीं, इटावा संवाददाता के अनुसार नेशनल हाईवे स्थित नगर के पूर्वी तिराहे परमानंद आश्रम के पास रविवार रात कार सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने ऑटो को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया था। ऑटो चालक के साथ मारपीट कर महिलाओं के तमंचा लगाकर करीब साढ़े चार लाख रुपये के जेवर लूट लिए थे। इकदिल क्षेत्र में तीन अप्रैल की रात की गई घटना स्वीकार की। बता दें कि इकदिल क्षेत्र के गांव मानिकपुर मोहन (कराईपुरा) निवासी सरस्वती, सास सुमित्रा, देवरानी संध्या और प्रियंका के साथ महेवा स्थित मैरिज होम से तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रही थीं।
ई-रिक्शा गांव के ही पहलाद चला रहे थे जिसमें बच्चे भी सवार थे। रात करीब 12:10 बजे जैसे ही ई-रिक्शा नगर के पूर्वी तिराहे परमानंद आश्रम के पास पहुंचा, तभी बिना नंबर की सफेद कार ने ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया था। सरस्वती ने बताया कि कार से तीन नकाबपोश बदमाश उतरे और ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में महिलाओं की कनपटी पर तमंचा सटाकर उनसे से जेवरातों से भरा बैग छीनकर भाग गए थे। (संवाद)