रसूलाबाद। मिंडाकुआ-रूरा मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी घायल हो गए। एक ही बाइक में चार लोग सवार थे। हेलमेट भी नहीं लगाए थे।
मंगलवार शाम को आलमपुर खेड़ा निवासी रामप्रकाश (25) अपने साथी जैतीपुर कुंतलिया गांव के रोहित (22), सलेमपुर महेरा के विष्णु (23) व अंकित (24) के साथ बाइक से दीया बेचने मलगांव गए थे। वहां से लौटने के दौरान मिंडाकुआं के पास सामने की तरफ से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। अनियंत्रित होकर ट्रक खड्ड में पलट गया। दुर्घटना में बाइक सवार महेरा गांव के विष्णु प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित व अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बाइक चला रहा रामप्रकाश मामूली रूप से घायल हुआ है। वह मौके से भाग गया।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस दोनों घायलों को सीएचसी ले गई। डॉॅ. रवि प्रकाश सोनी ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों युवकों को हैलट रेफर कर दिया। विष्णु की मौत की सूचना पर पिता गोकुल, मां कलावती व अन्य परिजन बिलखते रहे। इनके बड़े भाई रमेश की भी दो साल पहले दुर्घटना में मौत हो चुकी है।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। खड्ड में पड़े ट्रक को कब्जे में लिया गया है। चालक भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है।