पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित, नारायण दीक्षित की फाइल फोटो
बसपा के पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित के भाई नारायण दीक्षित की आगरा - लखनऊ हाईवे पर यूपी के उन्नाव जिले में हादसे में मौत हो गई। नारायण दीक्षित अपने एक साथी के साथ दिल्ली से लखनऊ के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि डिवाईडर से कार टकराने के कारण हादसा हुआ है। लेकिन परिजनों ने उन्नाव के डीएम और एसपी से हादसे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ठेकेदार नारायण दीक्षित ने बागपत जेल में मारे गए पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी के खिलाफ रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कराया था।
पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर छोटे भाई नारायण दीक्षित की हत्या का अंदेशा जताया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मुन्ना बजरंगी गैंग ने 1 साल पहले उनको और उनके भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। इससे संबंधित मुकदमा बागपत थाने में दर्ज है। उन्होंने इस हादसे की जांच की मांग की है। लोकेश दीक्षित ने कहा कि वो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उच्च स्तरीय जांच की मांग करेंगे।