कानपुर-बांदा हाईवे पर मंगलवार रात करीब 11 बजे कार में आग लग गई। कार सवार सगे भाइयों ने कूदकर किसी तरह जान बचाई। कुछ ही देर में कार आग का गोला बन गई। आग की लपटों को देखकर राहगीरों में हड़कंप मच गया।
विज्ञापन
कार सड़क किनारे होने से यातायात बाधित नहीं हुआ। कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के सिहरोही निवासी मनीष और अभय सगे भाई हैं। दोनों किराना व्यवसाई हैं। चित्रकूट घूमकर कन्नौज लौट रहे थे। जाफरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत रावतपुर नहर पुल के पास शॉर्ट सर्किट से कार में आग लग गई और धुआं निकलने लगा।
यह देखकर कार सवार रुके और किसी तरह कूदकर भागे। करीब एक घंटे तक कार धू-धूकर जली। प्रभारी निरीक्षक केशव दास वर्मा ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से कार में आग लगी है।