कानपुर देहात। अकबरपुर थाना क्षेत्र के संगसियापुर में बौद्ध कथा के समापन के बाद 24 मार्च की रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई थी। मामले में पहले पक्ष की ओर से कथा वाचक व उनके सहयोगियों को पीटने, आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने आदि की प्राथमिकी दर्ज हुई थी। शुक्रवार रात को मामले में दूसरे पक्ष की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने कथा वाचक सहित 53 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
संगसियापुर निवासी नागेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि गांव में चल रही बौद्ध कथा में कथावाचक मिलन बौद्ध ने देवी देवताओं के लिए अपमान जनक शब्दों का प्रयोग किया। इसके विरोध में गांव के लोगों 23 मार्च को अकबरपुर तहसील में शिकायती पत्र देकर गांव की सुरक्षा व वीडियो रिकार्डिंग की मांग की थी। इससे नाराज होकर कथा आयोजक पक्ष के असामाजिक तत्वों ने 24 मार्च की रात लगभग 2:30 बजे उनके, गांव के मुकेश सिंह, गिरजेश कश्यप, जीत सिंह, कप्तान सिंह आदि के घरों पर लाठी डंडों, धारदार हथियार, बरछी, चाकू, तलवार व अवैध असलहों से फायरिंग व पथराव करते हुए हमला कर दिया।
महिलाओं के विरोध करने पर आरोपियों ने महिलाओं से अभद्रता करने के साथ घर में तोड़फोड़ व घरों के बाहर खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हमला करने वालों में विशाल, रजनीश, भोला, जय सिंह, आशीष, आर्यन, घनश्याम, संजय, इंद्रपाल, रामजी, मनोज, छोटे, गोपाल, गोविंद, पुनीत, विनीत, कल्लू, गुड्डन, श्यामू, कोमल, सूरज, सुरेंद्र, उपेंद्र, मोहित, विकास, दीपक, अनुराग, नरेंद्र, इंद्रपाल कुमार, मुकेश, अरूण, इंद्रजीत व 20 अन्य लोग शामिल रहे। हमलावरों ने आंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर झूठा फंसाने व फर्जी आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी दी।
बता दें कि बौद्ध कथा के समापन के बाद संगसियापुर में 24 मार्च की रात को हुए विवाद व आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद से एक गुट के लोगों ने आंबेडकर पार्क में विरोध प्रदर्शन किया था। साथ ही गांव के देवेंद्र कुमार ने 34 लोगों के खिलाफ कथा वाचक व उनके साथियों संग मारपीट, आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने आदि में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की थी। अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि मामले में दूसरे पक्ष की तहरीर पर बौद्ध कथावाचक सहित 53 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।