कानपुर देहात। जनपद में पिछले दो दिनों में डीजल और पेट्रोल की खपत बढ़ गई है। आमदिनों में डीजल व पेट्रोल की प्रतिदिन 676 किलोलीटर की खपत रहती थी। वह बढ़कर 765 किलोलीटर हो गई है। यह रोजाना की खपत से 89 किलोलीटर अधिक है। ईंधन की किल्लत की अफवाह के चलते लोग वाहनों में अधिक से अधिक ईंधन भरवाने का प्रयास कर रहे हैं।
जिले में 167 पेट्रोल पंप संचालित हैं। विभाग के आंकड़ों की माने तो पहले जहां डीजल की प्रतिदिन खपत करीब 532 किलोलीटर रहती थी, वह बढ़कर 584 किलोलीटर हो गई है। वहीं पेट्रोल की बात करें तो 144 किलोलीटर से बढ़कर 181 किलोलीटर हो गई है। कुछ दिनों से यह अफवाह फैली है कि पेट्रोल व डीजल की जनपद में किल्लत होने वाली है। ऐसे में लोग ईंधन का भंडारण भी करने का प्रयास कर रहे है, लेकिन प्रशासन ने सजग रहते हुए पंप संचालकों को गैलन व बोतल में ईंधन देने पर रोक लगाई हुई है। वहीं कई पंप पर लोगों को बाइक में 200 व कार में 500 से अधिक का तेल नहीं दिया जा रहा है।
पंप संचालकों के अनुसार जनपद में किसी भी पंप पर पेट्रोल व डीजल की कमी नहीं हैं। हालांकि कंपनी से क्रेडिट सिस्टम पर रोक लगाए जाने के कई संचालकों को ईंधन मिलने में समस्या जरूर आ रही है। वहीं पूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जनपद में ईंधन का प्राप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। इसमें डीजल 1701 किलोलीटर व पेट्रोल का 1160 किलोलीटर का स्टॉक पंप पर है। कंपनियों से मांग के अनुसार ईंधन मिल रहा है।
....................
50 का मांगने वाले अब भरवा रहे 500 का तेल
कानपुर देहात। नगर में शनिवार को ईंधन की उपलब्धता को लेकर लोग आशंकित बने रहे। अफवाह के चलते विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वाहन चालक एक ही सवाल पूछते नजर आए, क्या पेट्रोल खत्म होने वाला है?, हालांकि इस पर कर्मचारियों ने न में जवाब दिया। पंप कर्मचारियों ने बताया कि 50 का तेल मांगने वाले अब 500 का भरवा रहे हैं। हालांकि धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत पाई गई। नगर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य पाई गई। नगर के पंप संचालक आशीष कुमार गुप्ता ने बताया कि पंप पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन का स्टॉक उपलब्ध है। वाहन के अलावा लोगों को खुले में तेल देने पर रोक लगाई गई है। संवाद
.....................
क्रेडिट व्यवस्था बंद होने से हो रही समस्या
झींझक। भोला नगर स्थित पेट्रोल पंप के संचालक अनमोल गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में करीब 11 किलोलीटर डीजल व आठ किलोलीटर पेट्रोल का स्टॉक मौजूद है। एक व्यक्ति के डीजल 80 से 100 लीटर व पेट्रोल मांग के अनुसार दिया जा रहा है। क्रेडिट व्यवस्था बंद होने से कुछ दिक्कत जरूर हुई है। खमहैला स्थित पंप संचालक सुशील गौतम ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में स्टॉक है। वाहन स्वामियों को आवश्यकता के अनुसार वितरित किया जा रहा है। पहले जहां ईंधन मिलन के बाद कंपनियों को भुगतान किया जाता रहा है। वहीं अब अग्रिम भुगतान करना पड़ रहा है। (संवाद)
.......................
वर्जन....................
जनपद में किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन की कमी नहीं हैं। कंपनियों से संचालकों की मांग के अनुसार आपूर्ति की जा रही है। संचालकों को सिर्फ गैलन, बोतल व अन्य पात्रों में तेल देने पर रोक लगाई गई है। इस पर बराबर नजर रखी जा रही है। किसी भी स्थान से जमाखोरी की जानकारी नहीं प्राप्त हुई है। अगर किसी को जमाखोरी या कालाबाजारी करते पकड़ा जाता है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी। - अभिषेक कुरील, जिला पूर्ति अधिकारी