हर्ष की फाइल फोटो व ढही कोठरी का मलबा
- फोटो : अमर उजाला
हुसैनगंज में बारिश से दीवारों में आई सीलन से कच्ची कोठरी रविवार को भरभराकर ढह गई। हादसे में कक्षा दो के छात्र की मौत हो गई। गृहस्थी भी दबकर बर्बाद हो गई। हादसे से परिजनों का हाल बेहाल हो गया। हादसा चार दिन पहले हुई बारिश से दीवारों में सीलन की वजह से होना बताया जा रहा है। थानां क्षेत्र के मिर्जापुर भिटारी के कंधरापुर गांव में अमृत लाल मौर्य के परिवार के सभी लोग रविवार रात बरामदे में खाना खा रहे थे।
अमृतलाल का सात वर्षीय पुत्र हर्ष उर्फ राज कोठरी में चारपाई पर सो रहा था। अचानक कोठरी भरभरा कर ढह गई। सो रहा हर्ष मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। शोर सुनकर ग्रामीण पहुंचे। फावड़े, कुदाल लेकर ग्रामीणों ने मलबा हटाकर हर्ष को बाहर निकाला। परिजन हर्ष को सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे से मां मंजू देवी, बड़ी बहन शिखा का हाल बेहाल हो गया। कम्पोजिट विद्यालय मिर्जापुर भिटारी में हर्ष कक्षा दो का छात्र था। सूचना पर राजस्व टीम मौके का जायजा लेने पहुंची। थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है।