फतेहपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा मुख्य शाखा के प्रबंधक और एकाउटेंट के खिलाफ फर्जीवाड़े की रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट एसपी के आदेश पर एक खाताधारक की ओर से दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। औद्योगिक क्षेत्र सौंरा स्थित आरओ वाटर कंपनी के डायरेक्टर सौरभ दयाल का बैंक ऑफ बड़ौदा मुख्य शाखा में खाता है।
सौरभ दयाल का आरोप है कि कोरोना काल के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। बैंक प्रबंधक प्रेम सिंह और एकाउटेंट मोहम्मद अरशद हुसैन ने उनके फर्जी दस्तावेज, लेटर पैड, डिजिटल सिग्नेचर तैयार किए और उनके खाते पर एक लाख 16 हजार का लोन दे डाला।
इसकी जानकारी कुछ दिनों पहले बैंक की ओर से भेजे गए लेटर से हुई। लेटर के साथ लगे कागजातों में फर्जी लोन के भी कुछ दस्तावेज थे, जो बैंक ने गलती से भेज दिए थे। उन दस्तावेजों के बारे में बैंक से पूछताछ की गई। बैंक मैनेजर की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। लोन के बारे में पूछताछ की गई तो उस पर भी टालमटोल कर गए।
उनके बैंक में मौजूद डाटा को भी चुराया गया है और उनकी कंपनी का फर्जी बोर्ड और दस्तावेज बनाए गए। बैंक प्रबंधक ने मामले की शिकायत करने पर उल्टा फंसाने और फर्जी मुकदमा कराने की धमकी दी। सदर कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि बीओबी के शाखा प्रबंधक और एकाउंटेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।