फतेहपुर जिले में मवेशियों को चारा डालने निकले किसान को सांड़ ने दौड़ा लिया। सींग से उठाकर फेंकने के बाद सांड़ ने पेड़ से दबाकर मार डाला। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खिदिरपुर निवासी विद्या सागर उर्फ तिवारी पटेल (48) किसान थे। वह परिवार समेत मामा के गांव मलवां थाना क्षेत्र के सहिली में रहते थे। वह भोर करीब तीन बजे भैंस को चारा डालने जा रहे थे। रास्ते में सामने सांड़ आने पर वह उसे हटाने लगे।
इस पर सांड़ ने किसान को दौड़ा लिया। भागते समय किसान ईंट की ठोकर लगने से गिर पड़ा। पीछे से पहुंचे सांड़ ने सींग से उठाकर किसान को बबूल के पेड़ के पास फेंका। बबूल के पेड़ पर किसान को दबाकर सांड़ ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर मामा राम सिंह व अन्य लोग पहुंचे। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही किसान ने दम तोड़ दिया। किसान की मौत से पत्नी रिंकी देवी का हाल बेहाल है। उनका एक बेटा अंशु पटेल (11) और एक बेटी अंशिका पटेल (4) वर्ष की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।