एसडीओ रविन्द्र कुमार गौतम ने थाने में लगाया ओसामा का पोस्टर
- फोटो : अमर उजाला
आतंकी ओसाबा बिन लादेन को अपना आदर्श मानने वाले फर्रुखाबाद जिले के नवाबगंज उपखंड कार्यालय के एसडीओ ने विभागीय उच्च अधिकारियों के खिलाफ भी मोर्चा खोल रखा है। उनको किसी अधिकारी का डर नहीं है। उच्च अधिकारियों के लिए अपशब्द भरा पत्र दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम आगरा के प्रबंध निदेशक को लिख चुके हैं।
उपखंड कार्यालय नवाबगंज में एसडीओ रविंद्र प्रकाश गौतम करीब डेढ़ साल से तैनात हैं। उनकी उच्च अधिकारियों से नहीं बनती है। अधिकारियों के खिलाफ अक्सर वह पत्राचार करते रहते हैं। सीपीएफ घोटाले को लेकर उन्होंने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम आगरा के प्रबंध निदेशक अमित किशोर, एक जांच कमेटी के अधिकारी मुख्य अभियंता इजहार आलम को एक मार्च को पत्र लिखा था। इसमें इसमें कुछ अधिकारियों के लिए अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया। यह पत्र विभागीय वाट्सएप ग्रुप पर खुद अपलोड किया था।
2 मार्च को मऊदरवाजा थानाध्यक्ष के लिए पत्र लिखा, इसमें एक मोबाइल नंबर से धमकी मिलने का आरोप लगाया और रिपोर्ट दर्ज किये जाने की गुहार लगाई थी। एसडीओ ने अधीक्षण अभियंता एसके श्रीवास्तव के खिलाफ भी पत्राचार किया। एसडीओ रविंद्र प्रकाश गौतम आतंकी ओसामा बिन लादेन को अपना प्रेरणास्रोत मानते हैं और उनकी फोटो अपने कार्यालय में लगा ली। जिसमें आतंकी को विश्व का सर्वश्रेष्ठ अवर अभियंता लिखा है। उसी के पास खुद की फोटो दो अवर अभियंताओं के साथ खींची हुई लगाई है।
जिसकी फोटो एसडीओ रविंद्र प्रकाश गौतम ने 29 मई को सोशल मीडिया पर खुद अपलोड की। इस प्रकरण को अधिकारियों ने दबा लिया। ओसामा बिन लादेन की फोटो कार्यालय में चस्पा होने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो अधीक्षण अभियंता एसके श्रीवास्तव ने एक्सईएन कायमगंज को जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट देने का आदेश दिया। एक्सईएन कायमगंज खानचंद्र ने बताया कि उच्च अधिकारियों से जांच की संस्तुति कर रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता को भेज दी है।