ओवरब्रिज से नीचे गिरा पुट्टी लदा ट्राला
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल हाईवे पर बने ओवरब्रिज से पुट्टी लदा ट्राला अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट नीचे सर्विस रोड पर गिर गया। हादसे में चालक व एक सवारी ट्राला में फंस गए। करीब 20 मिनट बाद पुलिस व आसपास के लोगों ने निकाला और अस्पताल भिजवाया। एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
आगरा-कानपुर हाईवे पर इटावा की तरफ से आ रहा ट्राला शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 भरथना ओवरब्रिज पर अनियंत्रित हो गया और स्ट्रीट लाइट के पोल को तोड़ता हुआ करीब 15 फीट नीचे गिर गया। चालक भगवान सिंह निवासी माचारी थाना राजगढ़ जिला अलवर राजस्थान व सवारी पवन कुमार निवासी नया पुरवा सुजानपुर के पास थाना बेला जिला औरैया केबिन में फंस गए।
ट्राला गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से ट्राला में फंसे घायलों को निकालकर महेवा सीएचसी भिजवाया। एसडीएम भरथना सुशांत श्रीवास्तव, सीओ भरथना अतुल प्रधान भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन से ट्राला को सड़क से हटवाया। करीब एक घंटे तक राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।