राजपुर। बीहड़ पट्टी की सलेमपुर सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाएं परखने के लिए बुधवार को एसीएमओ और डिप्टी सीएमओ ने निरीक्षण किया। इस दौरान एक फार्मासिस्ट नदारद मिले। वहीं पेयजल की समस्या भी मिली।
राजपुर ब्लॉक की सलेमपुर सीएचसी में ओपीडी संचालित हो रही है। यहां अभी इमरजेंसी सेवाएं नहीं मिल पा रही है। अक्सर कर्मचारियों के समय से पहले चले जाने की शिकायतें रहती हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को परखने के लिए बुधवार को दोपहर करीब 12:15 पर एसीएमओ डॉ. एसएल वर्मा और डिप्टी सीएमओ डॉ. आदित्य सचान सीएचसी पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में मौजूद व्यवस्थाएं देखीं।
इस दौरान उन्हें एमबीबीएस डाॅ. आरपी सागर व आयुष चिकित्सक ध्रुव सिंह सीएचसी में मौजूद मिले। ओपीडी रजिस्टर दर्ज मरीजों को दिए गए उपचार की डॉक्टरों से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट अरुण कुमार नदारद मिले। एसीएमओ डाॅ. एसएल वर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त मिली हैं। सीएचसी में पेयजल के लिए फिल्टर व फ्रिज की व्यवस्था कराई जा रही है। फार्मासिस्ट अरुण सिंह मौजूद नहीं मिले थे। पीएचसी अधीक्षक डाॅ. अमित निरंजन के द्वारा बताया गया कि फार्मासिस्ट का डे ऑफ है।
...................
सीएचसी सलेमपुर में तीन फार्मासिस्ट कर रहे ड्यूटी
सलेमपुर सीएचसी में इमरजेंसी सेवाएं संचालित नहीं होने के बावजूद तीन फार्मासिस्ट ड्यूटी कर रहे हैं। जबकि राजपुर पीएचसी में फार्मासिस्ट नहीं होने से आयुष फार्मासिस्ट से ड्यूटी कराई जा रही है। बुधवार को सलेमपुर सीएचसी में अधिकारियों के निरीक्षण में इस बात का खुलासा हुआ है। बता दें कि पिछले वर्ष जून माह में सीएमओ डाॅ. एके सिंह ने सलेमपुर सीएचसी में तैनात फार्मासिस्ट अरुण सिंह को राजपुर व राजपुर पीएचसी में तैनात फार्मासिस्ट अजीत कटियार को सलेमपुर सीएचसी भेजा था। इस पर फार्मासिस्ट अजीत कटियार ने सलेमपुर सीएचसी में ड्यूटी शुरू कर दी। इधर फार्मासिस्ट अरुण सिंह भी लगातार सलेमपुर सीएचसी में डयूटी कर रहे हैं। जबकि सीएचसी में आयुष फार्मासिस्ट शंकर सिंह पहले से तैनात हैं। ऐसे में सीएचसी में तीन फार्मासिस्ट ड्यूटी कर रहे हैं। नोडल अधिकारी/डिप्टी सीएमओ डॉ. आदित्य सचान ने बताया कि पटल परिवर्तन के बाद फार्मासिस्ट अरुण सिंह को राजपुर में सेवाएं देने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।