डेरापुर (कानपुर देहात)। कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में रहकर मजदूरी करने वाले डेरापुर निवासी युवक ने 14 दिन पूर्व शराब के नशे पत्नी को जला दिया। इससे वह बुरी तरह झुलस गई। मामले में महिला के भाई ने डेरापुर थाने में पति व उसके बहनोई के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है।
डेरापुर के उमरी गांव निवासी छोटे कानपुर में चकेरी मोड़ पर पत्नी आरती के साथ किराए के मकान में रहता है। वह प्लास्टिक का दाना बनाने वाली फैक्टरी में मजदूरी करता है। पत्नी आरती का आरोप है कि 15 सितंबर की रात पति ने शराब के नशे में उसे गैस चूल्हे से जला दिया।
हालत बिगड़ती देख उसे कानपुर के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया। सूचना पर भाई शिवम निवासी बालियान बागपत रोड मेरठ व बड़ी बहन शांति देवी देखने पहुंची। उनके अस्पताल पहुंचते ही छोटे मौके से फरार हो गया।
शिवम बहन को गंभीर हालत में अस्पताल से लेकर डेरापुर थाने पहुंचा। वहां आरती के पति छोटे व बहनोई विकास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। दरोगा राकेश कुमार ने बताया कि घटना कानपुर नगर के चकेरी थाना क्षेत्र की है। मामले में और जानकारी की जा रही है।