मृतका काजल (फाइल फोटो), रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के औरैया जिले में दहेज के लिए एक नवविवाहिता के ससुरालीजनों ने गला घोटकर हत्या कर दी। शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को जेठानी के कमरे में लगे पंखे से लटकाने का प्रयास भी किया। मृतका के पिता ने बिधूना कोतवाली में पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम मानीकोठी निवासी रविंद्र जाटव, मेरठ में पुलिस विभाग में फॉलोवर हैं। इनके पुत्र हरिओम की शादी 23 फरवरी को फूल सिंह निवासी धन्नी निवादा केझरी थाना रसूलाबाद (कानपुर देहात) की बड़ी बेटी काजल उर्फ रवीना (19) से हुई थी।
काजल के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से उसकी बेटी को ससुरालवाले दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। कुछ दिन पहले काजल को उन्होंने पीटा भी था। इससे काजल अपने मायके आ गई थी। कुछ दिन बाद लोगों के समझाने पर उन्होंने बेटी को फिर वापस ससुराल भेज दिया था।