मुख्य अतिथि 'गुलाबी गैंग की मुख्य कमांडर संपत पाल'
- फोटो : अमर उजाला
प्यासे को पानी पिलाना और भूखों को भोजन खिलाने से बढ़कर कोई दूजा पुण्य का काम नहीं। रोटी बैंक यदि यह कार्य कर रही है तो वास्तव में सात प्रदेशों के 25 जनपदों के लिए रोटी बैंक किसी नायाब तोहफे से कम नहीं है।
हरदोई जिले की इंडियन रोटी बैंक के तत्वावधान में जरुरतमंदों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराने के 100 सप्ताह पूर्ण होने पर रविवार को रसखान प्रेक्षागृह में आयोजित हरदोई महा-उत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि के रूप में गुलाबी गैंग की मुख्य कमांडर संपत पाल ने उक्त बात कही।
उन्होंने कहा कि नेक काम के लिए दिल में जज्बा आना ही बड़ी बात है। विक्रम पांडे व उनके सहयोगियों के दिलों में यह जज्बा जिस दिन पैदा हो गया समझो उस दिन ही यह सफल हो गए, क्योंकि ईश्वर भी अपने बनाए बंदों को भूखा नहीं रखना चाहता और गरीबों को निवाला पहुंचाने के लिए रोटी बैंक जैसे माध्यमों की तलाश में रहता है। उन्हे जानकर खुशी हुई कि इस जिले से यह बैंक शुरू हुई और नेक कार्य में सात प्रदेशों के 25 जनपद और उनमें रहने वाले 10 हजार परिवार शामिल हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि गुलाबी गैंग रोटी बैंक की भूरि भूरि प्रशंसा करती है और जरूरत पड़ी तो वह भी इस नेक कार्य में शामिल रहेगी। कोआर्डिनेटर रोटी बैंक विक्रम पांडे ने कहा कि महज बैठे बैठे कुछ लोगों ने रोटी बैंक की योजना ही बनाई और आज रोटी बैंक यहां तक पहुंच गई। यदि नेकी के प्रति लोग इसी तरह आकृष्ट हुए तो जल्द ही रोटी बैंक की दूसरी शाखा स्थापित होगी।