मामले की जांच कर रही कन्नौज की एसआईटी टीम ने रनियां थाने में दोनों से पूछताछ की। इसके बाद इनका मेडिकल कराया गया। वहां से न्यायाधीश के सामने पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस मामले में अभी तक शिवली थाने के तत्कालीन निलंबित इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह, मैथा चौकी प्रभारी रहे निलंबित दरोगा ज्ञान प्रकाश पांडेय, एसओजी का निलंबित सिपाही महेश गुप्ता व रनियां थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष शिव प्रकाश सिंह (निलंबित) व एक डॉक्टर व एक अन्य पुलिस कर्मी गिरफ्त से बाहर हैं।
पुलिस की टीमों ने इनकी तलाश में जालौन, बांदा, कानपुर नगर और प्रयागराज में कई स्थानों पर दबिशें दी, लेकिन आरोपी अपने और रिश्तेदारों के घरों पर नहीं मिले। एसपी का कहना है कि जल्द ही फरार हत्यारोपी पुलिस वालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक और सिपाही के पकड़े जाने की चर्चा
बलवंत हत्याकांड में आरोपी सिपाही महेश गुप्ता के भी पकड़े जाने की चर्चा दिनभर चलती रही। हालांकि रात तक महेश की पकड़ने जाने की पुष्टि किसी पुलिस अफसर ने नहीं की।
भंग की गई एसओजी
व्यापारी की हत्या के बाद जिले की एसओजी को भंग कर दिया गया है। इसकी पुष्टि एसपी सुनीति ने की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नए सिरे से एसओजी का गठन किया जाएगा। इसमें साफ सुथरी छवि के पुलिसकर्मियों को शामिल किया जाएगा।