नौबस्ता में रविवार दोपहर मुखबिरी के शक में सपा नेता विकास कनौजिया के घर बमबाजी और फायरिंग की गई। बम के धमाकों से क्षेत्र में दहशत फैल गई। मोहल्ले के लोगों ने हमलावरों को दौड़ाया तो वह फायरिंग करते हुए भाग निकले।
बमबाजी और फायरिंग से सतीश कनौजिया, विकास कनौजिया, पीर मोहम्मद, विजय शुक्ला समेत छह लोग चुटहिल हो गए। डॉयल 100 में सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों के घर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिले।
विकास के बड़े भाई प्रदीप की तहरीर पर पुलिस ने राजीव विहार के कमल तिवारी, उसके भाई विमल, अमित तिवारी, प्रदीप जायसवाल, कालू सिंह, गया सिंह, शालू को नामजद कर 25 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
नौबस्ता के मछरिया ‘यू’ ब्लॉक निवासी विकास कनौजिया मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिला सचिव हैं। दोपहर एक बजे के करीब विकास के मकान के बगल में केस्को का कैंप चल रहा था। विकास, प्रदीप मकान के बाहर खड़े थे।
तभी साथियों के साथ आए कमल और विमल ने बम फेंका। बस फटते ही केस्को कैंप में भगदड़ मच गई। बमबाजी और फायरिंग से केस्को की बोलेरो के शीशे चकनाचूर हो गए।
एसडीओ श्याम नारायण ने नौबस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है। विकास और प्रदीप ने घर में घुस कर जान बचाई। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक पड़ोस के मोहल्ले राजीव विहार में तालाब किनारे जुएं की बड़ी फड़ लगती है।
जिसमें शहर और अन्य जिलों से लोग आते हैं। विकास, उनके भाई प्रदीप ने जब इसका विरोध किया तो कमल, विमल उनसे रंजिश मानने लगे। शनिवार दोपहर पुलिस ने जुआरियों को पकड़ने के लिए दबिश दी थी, लेकिन पुलिस के आने से पहले सभी भाग निकले थे।
थानाध्यक्ष राजदेव प्रजापति ने बताया आरोपियों पर असलहों से लैस होकर हमला करना, बलवा, हत्या का प्रयास और सेवन क्रिमिनल एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।