दो घंटे तक नॉनस्टॉप ‘नशेबाज का शूटआउट’ देख पूरे इलाके में दहशत फैल गई। एसपी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची की पुलिस टीम पर नशेबाज ने एक के बाद एक ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं जिसमें 2 दरोगा और 2 सिपाही घायल हो गए। मामला यूपी के महोबा जिले का है। बमुश्किल उसे घेराबंदी कर दबोचा जा सका। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि उसके खिलाफ एसएचओ और पड़ोसी जितेंद्र सिंह की तहरीर पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा आदि धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ रासुका की कार्रवाई भी की जाएगी।
महोबा के मोहल्ला गांधी नगर का आशू भदौरिया शुक्रवार रात नशे की हालत में छत पर चढ़कर तमंचे से हवाई फायरिंग करने लगा। विरोध करने पर पड़ोसी जितेंद्र सहित अन्य लोगाें के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। रात में कोतवाली प्रभारी जेपी यादव पुलिस फोर्स के साथ जैसे ही छत पर चढ़े, युवक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। कोतवाली प्रभारी और पुलिस कर्मियों ने कमरे के अंदर घुसकर जान बचाई।
कोतवाली प्रभारी ने कमरे के अंदर से ही कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो आशू ने फिर फायरिंग शुरू कर दी। छर्रे लगने से कोतवाली प्रभारी जेपी यादव, थानाध्यक्ष कबरई अमित भड़ाना और दो सिपाही महेश व अरुण घायल हो गए। इनका अस्पताल में इलाज कराया गया। दो घंटे तक जवाबी फायरिंग होने से आसपास के लोग दहशत में आ गए। बाद में पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक को दबोच लिया।