इटावा में जमीन का वैनामा करने से मना कर देने पर दो लोगों ने एक व्यक्ति को कार से कुचल कर मार डाला। सिविललाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम विक्रमपुर में हुई घटना के बाद पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के भाई ने दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दे दी है।
ग्राम विक्रमपुर निवासी नरेंद्र सिंह (50) पुत्र जुड़ावन सिंह गांव के किनारे रणवीर सिंह चौहान के ट्यूबबेल के पास स्थित एक कटहल के पेड़ के नीचे लेटा था। तभी गांव के दो लोग कार से उसके पास आए और उससे अपनी जमीन का वैमाना करने को कहा। नरेंद्र सिंह ने जब जमीन बेचने से मना कर दिया। इस पर उनमें कहासुनी हुई और दोनों लोग नरेंद्र सिंह के साथ मारपीट करने लगे।
नरेंद्र की चीख पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़ पड़े। गांव के लोगों का आता देख दोनों कार में बैठे और कार से नरेंद्र सिंह को कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे नरेद्र के भाई हरि गिरेंद्र सिंह व अन्य ग्रामीणों ने इसकी जानकारी थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में मृतक के भाई हरि गिरेंद्र सिंह गांव के ही दो लोगों पर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दे दी है।