टोल प्लाजा पर युवकों को गिरफ्तार किया
- फोटो : अमर उजाला
जालौन के कालपी से बनारस जा रही एक स्कॉर्पियो को शनिवार रात कानपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान बारा टोल प्लाजा पर रोक लिया। इस बीच गाड़ी पर सवार लड़की पुलिस से बचाने की गुहार लगाई तो सिपाहियों ने गाड़ी और दो युवकों की तलाशी लेना शुरू कर दिया। आनन-फानन दोनों युवक पिस्टल और मैग्जीन को झाड़ियों में फेंक कर भागने लगे। पुलिस ने युवक को दबोच लिया और पिस्टल बरामद कर तीनों को थाने ले आई है। कार की नंबर प्लेट में सपा का लोगो लगा था।
शनिवार देरशाम अकबरपुर पुलिस बारा टोल प्लाजा पर चेकिंग कर रही थी। तभी सपा का लोगो लगी स्कॉर्पियो को पुलिस ने रोक लिया। गाड़ी रुकते ही पीछे बैठी एक लड़की ‘पुलिस-पुलिस बचाओ ये मुझे मार डालेगा’ कहकर चिल्लाने लगी। पुलिस ने गाड़ी चला रहे अनिल व उसके साथ आगे बैठे कृष्णकांत मिश्र निवासी रथयात्रा धाम चौक निवासी बनारस को उतरने के लिए कहा। पुलिस के कहते ही कृष्णकांत ने अपने पास मौजूद पिस्टल और मैग्जीन को झाड़ियों में फेंक दिया। सिपाहियों ने उसे ऐसा करते देखा और दोनों को दबोचकर कोतवाली ले आई। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने कृष्णकांत से लव मैरिज की थी। दो दिन पहले वह मायके कालपी आई थी। वह उसे जबरन ससुराल ले जा रहा था। पूछताछ के बाद महिला को परिजनों के हवाले कर दिया गया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल एके सिंह सिंह बताया कि युवक के पास से देसी असलहा और मैग्जीन मिली है।