जांच करता डॉग स्क्वायड, इमाम के घर में लूटपाट के बाद बिखरा सामान दिखाती युवती।
- फोटो : अमर उजाला
बृहस्पतिवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने उन्नाव मदीना मस्जिद के इमाम गुलाम हुसैन कादरी के घर लूटपाट की। विरोध करने पर इमाम, पत्नी व दो बेटियों को चाकू से घायल कर दिया। बदमाश दो लाख के जेवर व 35 हजार रुपये ले गए। घायलों को मोहल्ले वालों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से कानपुर भेजा गया। पुलिस सुबह मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वायड ने भी साक्ष्य जुटाए। एसपी नेहा पांडेय ने कानपुर जाकर घायलों का हालचाल लिया। शाम को आईजी रेंज जेएन सिंह आए और मौका मुआयना कर घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
एसपी ने कानपुर जाकर लिया घायलों का हालचाल
उन्नाव अजगैन क्षेत्राधिकारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इमाम गुलाम हुसैन कादरी के भाई हसनैन की तहरीर पर लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मस्जिद के निकट परिवार के साथ रहने वाले इमाम गुलाम हुसैन कादरी (50) पुत्र मुमताज के घर तमाम साक्ष्य जुटाए हैं। जांच में पता चला है कि जिस वक्त बदमाश दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए, पूरा परिवार सोया हुआ था। अस्पताल में भर्ती इमाम की पत्नी खतीजा खातून ने बताया कि बदमाश सात की संख्या में थे। घायलों के मुताबिक इमाम की नींद खुलने पर बदमाशों ने उनकी गर्दन पर चाकू रख दिया था। विरोध करने पर उनके चेहरे पर चाकू चला दिया था। इस बीच खतीजा खातून (45) और दोनों बेटियां रजवी (14) व नूरी (13) भी जाग गईं तो इन तीनों को भी चाकू से घायल कर दिया। इसके बाद दो लाख रुपये के जेवर और 35 हजार रुपये समेटकर भाग निकले। जाते-जाते शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दे गए।
आईजी रेंज पहुंचे घटनास्थल पर
इमाम के घर में खड़े पड़ोसी और रिश्तेदार
बदमाशों के जाने के बाद इमाम ने अपने को संभाला। उन्होंने औरास में रहने वाले छोटे भाई हसनैन रजा को घटना की सूचना दी। तब तक शोरशराबा सुनकर कस्बे के लोग आ गए। इन सबने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। सुबह वारदात की सूचना मिलते ही अजगैन कोतवाली प्रभारी संतोष तिवारी फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ही उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। खबर पाकर पुलिस अधीक्षक ने कानपुर जाकर घायलों से मुलाकात की। इधर मौके पर पहुंचे डॉग स्क्वायड प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि उन्हें कुछ क्लू मिले हैं, जिससे बदमाशों का पता लगाया जाएगा। शाम को आईजी रेंज घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कोतवाली प्रभारी से घटना की जानकारी ली।
हाईवे पर भटका स्निफर डाग
जांच करता डॉग स्क्वायड।
- फोटो : अमर उजाला
घटना की जांच के लिए फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया था। घटनास्थल पर चक्कर लगाने के बाद स्निफर डॉग दो सौ मीटर छेदा के खेत तक गया। यहां पुलिस को एक जोड़ी चप्पल मिली। छेदा के खेत के बाद स्निफर डॉग करीब सात सौ मीटर दूर लखनऊ कानपुर हाईवे के केवाना के पूर्व प्रधान मनमोहन की मार्केट के सामने रुका। डॉग स्क्वायड प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि उन्हें कुछ क्लू मिले हैं। अजगैन कोतवाली प्रभारी को इसकी जानकारी दी गई है।