यूपी के हरदोई में खेत में धान काटने के बाद बची परली (फसल अवशेष) जलाने को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई की नाक पर छोटे भाई ने घूंसा मार दिया। इससे मौके पर ही बड़े भाई की मौत हो गई। घटना की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया। आरोपी परिजन संग गांव छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटनास्थल के थाना क्षेत्र को लेकर स्थिति खबर लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो पाई थी।
माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नई बस्ती निवासी रामप्रसाद (55) पुत्र कून्हा का खेत गांव के दक्षिण की ओर स्थित है। उसके खेत में धान की फसल थी, जो उसने गुरुवार की दोपहर कटवा दी थी। शाम को लगभग साढ़े तीन बजे रामप्रसाद के छोटे भाई नन्हेलाल और चेतराम ने खेत में परली को आग लगा दी। इसकी जानकारी रामप्रसाद को हुई तो वह उलाहना देने के लिए खेत पर मौजूद नन्हेलाल और चेतराम के पास गया। दोनों से रामप्रसाद का विवाद हो गया। तैश में आकर नन्हेलाल ने बड़े भाई रामप्रसाद की नाक पर घूंसा मार दिया। घूंसे की चोट से रामप्रसाद वहीं गिर गया और कुछ ही सेकेंड में उसकी मौत हो गई। रामप्रसाद की मौत की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर भीड़ लग गई।
इसी दौरान नन्हेलाल और चेतराम परिजन के साथ मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी पर रामप्रसाद की पत्नी रानी उर्फ गंगावती व तीन पुत्रों विजयपाल, धर्मेंद्र और संदीप में कोहराम मच गया। जानकारी पर माधौगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक आरके शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि संबंधित गांव तो माधौगंज थाना क्षेत्र में है, लेकिन जिस खेत में घटना हुई है, वह मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में बताया गया है। मल्लावां के प्रभारी निरीक्षक भी मौके पर आ रहे हैं।