अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर (औरैया)। गोद भराई की रस्म के बाद शादी का आश्वासन देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाए। बाद में शादी दूसरी लड़की से कर ली। युवती के पिता ने युवक एवं उसके पिता सेवानिवृत्त एडीओ समेत चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिधूना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसने अपनी बेटी की शादी दिबियापुर के शांती नगर निवासी अतुल कुमार से तय की थी। दो फरवरी 2015 को अतुल ने परिजनों के साथ घर आकर गोद भराई की रस्म की।
अतुल एवं परिजनों को उन्होंने दो लाख रुपये दिए एवं आए हुए लोगों का सम्मान किया। दो अप्रैल 2015 को शादी की तिथि तय हुई। शादी की तिथि से एक सप्ताह पहले अतुल व उसके बहनोई ने यह कहकर शादी करने से मना कर द़या कि उसकी शादी पहले मर्दनपुर गांव में हो चुकी है।
उसका केस चल रहा है, फैसला आते ही अतुल शादी कर लेगा। शादी तय हो जाने एवं शादी का आश्वासन देकर अतुल ने बेटी से शारीरिक संबंध भी बनाए। लेकिन इस बीच वर्ष 2017 में कानपुर देहात के डेरापुर की एक युवती से अतुल ने शादी कर ली। पीड़ित पिता ने अतुल कुमार, पिता सेवानिवृत्त एडीओ बालकराम, अतुल की बहन व बहनोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बताते हैं कि मंगलवार शाम पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया था। मगर रिपोर्ट दर्ज न होती देख युवती एवं परिजनों ने हंगामा काटा था। हालांकि एसएसआई नन्हेलाल ने हंगामा होने की बात को सिरे से खारिज कर दिया।