डेरापुर। सफाई कर्मियों के साथ मारपीट के मामले में फरार चल रहे जिला पंचायत अध्यक्ष के दो और भतीजों को डेरापुर पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिए गए। बता दें कि इसके पहले दो भतीजे गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
थाना क्षेत्र के कांधी के पास हाईवे की सर्विस लेन पर 23 अगस्त को सफाई कर रहे कर्मियों से जिला पंचायत अध्यक्ष राम सिंह के बेटे अजय और भतीजे से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष के गांव औड़ेरी से कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे और मारपीट की थी। इसमें दोनों पक्षों से छह लोग घायल हुए थे।
जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे और भतीजों पर जानलेवा हमला समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद से फरार चल रहे अध्यक्ष के भतीजे गुलशन और रोहित को गुरुवार को मुंगीसापुर टेंपो स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। बता दें कि इसके पहले अध्यक्ष के दो भतीजे महेंद्र व अजय को गिरफ्तार किया जा चुका है। चौकी प्रभारी जीतमल ने बताया कि मारपीट में फरार चल रहे दो और आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।