कानपुर देहात। मध्य प्रदेश के ज्योतिषी अपहरण में जेल में बंद भाजपा नेता समेत तीनों आरोपियों का दो दिन का रिमांड कोर्ट ने मंजूर कर दिया है। पुलिस शुक्रवार सुबह तीनों को जेल से कोतवाली ले जाएगी। 15 हजार के इनामी भीम सिंह को औरैया जेल से लाने के लिए पुलिस ने कोर्ट में अर्जी दी है।
19 जुलाई के मध्य प्रदेश के खंडवा के ज्योतिषी सुशील तिवारी व उनके चालक सुनील का नबीपुर से अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने ज्योतिषी और चालक को छुड़ाते हुए अकबरपुर के रहने वाले भाजपा नेता सत्यम चौहान, कैमाहा डेरापुर के पंकज व मोतिहारी बिहार के रोहित को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने तीनों को जेल भेज दिया था। पुलिस ने गुरुवार को भाजपा नेता समेत तीनों आरोपियों को कोर्ट से रिमांड पर लेने की अर्जी दी। कोर्ट ने शुक्रवार व शनिवार की दो दिन का रिमांड मंजूर कर दिया है। घटना में शामिल कुठौंद जालौन के भीम सिंह पर एसपी अनुराग वत्स ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वह फरार चल रहा था।
जिले की पुलिस उसकी तलाश में आसपास के जनपदों में दबिश दे रही थी। इसी बीच वह पुलिस को चकमा देकर औरैया के अजीतमल कोतवाली से अवैध शस्त्र रखने के आरोप में जेल चला गया। गुरुवार को इसकी जानकारी पर कोतवाल ने उसे औरैया जेल से लाने के लिए कोर्ट में अर्जी दी है। कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि भीम सिंह को औरैया से अपहरण के मामले में लाने के लिए अर्जी दी गई है।