कानपुर देहात। बेहमई कांड में गुरुवार को सुनवाई थी, लेकिन अदालत के अवकाश में होने पर सभी मुकदमों में जनरल डेट 21 जनवरी लगाई गई है। इससे बेहमई कांड की भी सुनवाई 21 जनवरी को होगी। मूल केस डायरी पत्रावली में न होने की जांच एसएसपी कानपुर की टीम ने कोर्ट को सौंपी थी। इस पर कोर्ट को सुनवाई करनी थी।
देशभर में चर्चित बेहमई कांड की सुनवाई पूरी होने के बाद पत्रावली में मूल केस डायरी न मिलने से फैसला टल गया था। कोर्ट ने मूल केस डायरी के बाबत डीजीपी को पत्र लिखा था। कानपुर एसएसपी, एसपी क्राइम कानपुर व सीओ अकबरपुर की टीम ने पत्रावली नहीं मिलने की जांच की थी। टीम ने कोरोना काल में एक अप्रैल को जांच रिपोर्ट कोर्ट को सौंप दी थी। मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट ने 24 दिसंबर की तिथि तय की थी। कोर्ट के अवकाश के होने से मामले की सुनवाई के लिए 21 जनवरी की तिथि निर्धारित की गई है। जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी राजू पोरवाल ने बताया कि बेहमई कांड में 21 जनवरी को सुनवाई होगी।