कानपुर देहात। जिला अस्पताल परिसर में बनी आरटीपीसीआर लैब और जनपद के 16 उपस्वास्थ्य केंद्रों का सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वर्चुअल तरीके से लोकार्पण किया। कार्यक्रम का जिला अस्पताल सभागार में प्रसारण किया गया। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, डीएम जेपी सिंह ने फीता काटकर औपचारिक उद्घाटन किया।
सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि ट्रॉयल के तौर पर पहले 20 लोगों की जांच कराई जाएगी। इसके बाद सैंपल की रिपोर्ट आईसीएमआर लखनऊ भेजी जाएगी। वहां से रिपोर्ट आने के बाद धीरे-धीरे जांच की संख्या बढ़ा दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि तीन घंटे में जांच की रिपोर्ट भी मिल जाएगी। इसके साथी ही 16 उपस्वास्थ्य केंद्रों खुलने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को दूर दराज भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्हें गांव में इलाज मिल जाएगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ के लोकार्पण कार्यक्रम के प्रसारण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, डीएम जेपी सिंह, सीडीओ सौम्या पांडेय, सीएमओ डॉ. एके सिंह, सीएमएस डॉ. वंदना सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इन गांवों में खुले उपस्वास्थ्य केंद्र
स्वरूपपुर, करचल, भरतपुर पियासी, खानपुर चैन, बान, अफसरिया, बैजामऊ बांगर, महटौली, चमरौवा, बड़पुरा, पिटरापुर, मनावा, मुलही, चपरैठा, ततारपुर, देवब्रम्हपुर में बने उप स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया गया। (संवाद)