रसूलाबाद। बिलहा गांव के किसान छुट्टा गोवंशों से परेशान हैं। डीएम के आदेश के बाद भी गांव से अन्ना मवेशी नहीं पकड़वाए गए। इससे यह मवेशी खेतों में पहुंचकर फसलों को चट कर रहे हैं। नाराज ग्रामीणों ने इसकी शिकायत उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद के अध्यक्ष से की है।
बिलहा निवासी शब्बीर हसन, जितेंद्र प्रताप सिंह, सुधीर सिंह, कमल प्रताप सिंह, रफीक, रामरतन, राजू सिंह, रशीद, मुन्नू, लाल सिंह, बरजोर सिंह आदि ने बताया कि 16 दिसंबर को जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम को प्रार्थना पत्र देकर छुट्टा मवेशियों से निजात दिलाने की मांग की गई थी।
इस पर डीएम ने मौके पर एसडीएम जितेंद्र कटियार व सीवीओ को छुट्टा गोवंशों को गोशाला भेजने के निर्देश दिए थे। अभी तक आदेश पर अमल नहीं हुआ है। इससे गांव में घूम रहे छुट्टा मवेशी खेतों में फसलों को खा जा रहे हैं।
इनसे फसलों को बचाने के लिए रात भर खेतों में पहरा देना पड़ता है। इस ठंड के मौसम में कई किसान इससे बीमार भी हो गए हैं। नाराज ग्रामीणों ने इसकी शिकायत उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद के अध्यक्ष से कर छुट्टा मवेशियों से निजात दिलाने की मांग की है।
विद्यालय में गोवंश बांधने पर किसानों के खिलाफ केस
गोपालपुर प्राथमिक विद्यालय में 22 जनवरी को ग्रामीणों ने 35 छुट्टा गोवंश बांध दिए थे। गोवंशों ने विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। इस पर कानपुर कल्याणपुर निवासी प्रधानाध्यापक शची शर्मा ने अज्ञात किसानों के खिलाफ रसूलाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।