बांगरमऊ क्षेत्र के अंतर्गत थाना बेहटा मुजावर के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। इस दुर्घटना में एक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्नाव जिले के बांगरमऊ में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार की सुबह भीषण सड़क हादसे ने सभी को दहला दिया। यह हादसा बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के ग्राम सबलीखेड़ा के पास हुआ। रांची से राजस्थान जा रहे कार चालक को झपकी लग जाने से कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
विज्ञापन
घटना में राजस्थान के ग्राम दौसा निवासी जगदीश प्रसाद (35) की मौत हो गई। वहीं, उसकी 31 वर्षीय पत्नी पूनम, ढाई वर्षीय बेटा आरुष, आयांश, ससुर कृपाइक्का (52), सास (50) वर्षीय जीवनइक्का गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर यातायात थम गया और सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। इसके बाद यूपीडा की टीम भी पहुंची।
यूपीडा और पुलिस की संयुक्त टीम ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती करवाया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने प्रथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को फोन के जरिए सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।