कानपुर देहात। विधानसभा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान चलेगा। इसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाकर 1659 मतदान केंद्रों पर शिविर लगाए जाएंगे। यहां फॉर्म -6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका है।
यह बात जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह ने शुक्रवार को कही। उन्होंने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान जनपद के सभी 1659 मतदान केंद्रों पर 1659 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे।
एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे युवा फॉर्म -6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। इसके अतिरिक्त ऐसे सभी पात्र नागरिक जिनका अभी तक मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी कार्ड) नहीं बना है अथवा जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। वह भी फॉर्म-6 भर सकते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंकित शुक्ला ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान बूथ पर आवेदन का मौका है।
................
मतदेय स्थलों के संभाजन प्रस्ताव मंजूर
कानपुर देहात। निर्वाचन आयोग ने कानपुर देहात की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के संभाजन प्रस्तावों को मंजूर कर लिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने बताया कि जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रसूलाबाद, अकबरपुर-रनियां, सिकंदरा व भोगनीपुर के मतदेय स्थलों के संभाजन प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है। अनुमोदित मतदेय स्थलों की सूची प्रकाशित कर दी गई है। यह सूची जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) पोर्टल पर भी अपलोड कर दी गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय में मतदेय स्थलों की सूची निशुल्क देखी जा सकती है। (संवाद)