सरवनखेड़ा/मूसानगर। गजनेर व्यापार मंडल ने कस्बे में रविवार को होली मिलन समारोह आयोजित किया। इसमें मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान रहे।
वहीं, मूसानगर में भी उनका जगह-जगह स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोगों से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं पर फोकस करके काम किया जाएगा। चुनाव के दौरान किए वादाें को पूरा करेंगे।
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि सभी के मेहनत व सहयोग से सफलता मिली है। क्षेत्र की जर्जर सड़कें, बिजली, पानी, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं पर प्राथमिकता से काम कराया जाएगा।
कहा, कि बिना सुविधा शुल्क दिए थाने से कोई वापस नहीं आ पाता है। इस पर सुधार की जरूरत है। इस दौरान गजनेर व्यापार मंडल अध्यक्ष रामचंद्र अग्रवाल, गणेश सचान, राजेश चौहान, दुर्गेश गुप्ता ने मंत्री को प्रतीक चिन्ह, शाल ओढ़ाकर स्वागत किया।
युवा व्यापारी अतुल अग्रवाल, रोहन बाजपेई, अमित गुप्ता ने गदा भेंट की। व्यापारियों ने एएसपी घनश्याम चौरसिया, सीओ अरुण कुमार सिंह, व्यापारी नेता श्याम मोहन दुबे, जिलाध्यक्ष अनुभव अग्रवाल का भी स्वागत किया। इस दौरान राधा व कृष्ण के बीच होली खेली गई। मौके पर मोहम्मद फिरोज, जितेंद्र सचान, रामबाबू गुप्ता, सुखधाम सिंह, भानू सचान आदि मौजूद रहे।
उधर, मूसानगर में मुगलरोड पर स्वागत के बाद कैबिनेट मंत्री ने बस्ती में भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि जिस विभाग का दायित्व मिलेगा उसके साथ अन्य विभागों का सहयोग लेकर क्षेत्र का विकास कराया जाएगा।
किसी के खिलाफ पुलिस नाजायज कार्रवाई न करे। लोगों की समस्या का समाधान तत्काल कराया जाए। कैबिनेट की पहली बैठक में मुख्यमंत्री ने तीन माह निशुल्क राशन देने की घोषणा की है।
भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए वह कटिबद्ध हैं। उन्होंने माता मुक्तेश्वरी मंदिर में भी मत्था टेका। इस दौरान विद्यासागर त्रिपाठी, नीरज पांडेय, राजेंद्र अग्रवाल, सत्यम सिंह चौहान, टीटू सचान आदि मौजूद रहे।